22 जुलाई 2015 - 14:41
 सीरिया-तुर्की सीमा पर भीषण विस्फोट

सीरिया से मिलने वाली तुर्की की सीमा पर भीषण विस्फोट हुआ है।

सीरिया से मिलने वाली तुर्की की सीमा पर भीषण विस्फोट हुआ है। सीरिया की सीमा से मिले तुर्की के सनलीउर्फ़ा प्रांत में ख़तरनाक धमाका हुआ जिसमें कम से कम 27 व्यक्ति हताहत और 100 घायल हुए हैं। प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, यह धमाका सनलीउर्फ़ा प्रांत के सुरूच शहर की नगरपालिका के सांस्कृतिक केन्द्र में हुआ। विस्फोट, सोमवार को स्थानीय समयानुसार दोपहर लगभग 12 बजे हुआ। कुछ स्थानीय अधिकारियों ने इस धमाके के आत्मघाती होने की संभावना जताई है जिसे आईएसआईएल ने अंजाम दिया है। यह धमाका सुरूच शहर के अमारा सांस्कृतिक केन्द्र में जिस वक्त हुआ उस वक़्त इस केन्द्र में युवा सामाजिक संगठनों के संघों के 300 सदस्य इकट्ठा हुए थे। यह लोग युद्धग्रस्त कूबानी शहर के पुनर्निर्माण के लिए मदद इकट्ठा करने से संबंधित कार्यक्रम में व्यस्त थे। सुरुच अमारा सांस्कृतिक केन्द्र का संचालन, जनतांत्रिक पार्टी एचडीपी के हाथ में है। इस केन्द्र में कूबानी के विस्थापितों की मदद के लिए आए दिन कार्यक्रम आयोजित होते रहतें हैं जिनमें पत्रकार और स्वयंसेवी संस्थाओं के कार्यकर्ता भाग लेते हैं।